प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सफाई कर्मचारियों, आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सममान
मुढीगिरी, चिक्कमगलूर: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कर्नाटक के मुढीगिरी जिला चिक्कमगलूर में सफाई कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सममान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इन कर्मियों के योगदान को सममान देना था। इस अवसर पर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। भाजपा महिला मोर्चा की नेता वीभा सुषमा और उनकी रक्षा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व महासचिव और एमएलसी सी.टी. रवि, एमएलसी प्रामेश, जिला अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों के अलावा कई सामाजिक नेता भी उपस्थित थे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सममानित किया तथा समाज के लिए उनकी सेवाओं की सराहना की।
हरदीप सिंह गिल ने कहा कि सफाई कर्मचारी देश की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, वे कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिंमेदारी निभाते हुए शहरों और गांवों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसी तरह आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ग्रामीण तथा जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता से जुड़ी सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों के सममान, सुरक्षा और कल्याण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिंमेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान यंत्रीकृत स्वच्छता व्यवस्था के लिए राष्ट्रीय कार्य योजना ‘नमस्ते’ के तहत सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा किट भी वितरित की गई, इसका उद्देश्य सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना और उनके लिए जोखिम को कम करना है। हरदीप गिल ने कहा कि नमस्ते योजना के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, गरिमा और सामाजिक-आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक और आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना समय की जरूरत है, ताकि उन्हें असुरक्षित परिस्थितियों में काम न करना पड़े। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी सफाई कर्मचारियों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।