Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना: सफाईकर्मियों की हड़ताल से शहर में स्थिति बेहद खराब, जगह-जगह लगे कचरे के ढ़ेर

लुधियाना: सफाईकर्मियों की जारी हड़ताल के कारण शहर की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। मुख्य सड़कों से लेकर आवासीय इलाकों तक हर जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। हाल ही में हुई बारिश के बाद जलभराव और सड़कों पर फैले कचरे ने हालात और गंभीर बना दिए हैं, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

जवाहर नगर कैंप क्षेत्र हो या बी.आर.एस. नगर का जे-ब्लॉक, शहर के लगभग हर इलाके में कचरा न उठाए जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बी.आर.एस. नगर की मुख्य सड़क पर करीब आधा किलोमीटर तक कचरे के ढेर लगे हैं, जबकि जवाहर नगर कैंप की एक ओर की पूरी सड़क कचरे के कारण लगभग बंद हो गई है।

इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता संजीव चौधरी ने कहा कि सफाईकर्मियों की अनदेखी कर शहर को स्वच्छ रखना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सफाईकर्मियों की जायज मांगों को दबाने के साथ-साथ उनके मौलिक अधिकारों की भी अनदेखी कर रही है।

वहीं, पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और लुधियाना अर्बन कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पवन दीवान ने कहा कि कुछ घंटों की बारिश ने नगर निगम और राज्य सरकार के ‘स्मार्ट सिटी’ के दावों की पोल खोल दी है। उनके अनुसार, शहर की बदहाल व्यवस्था प्रशासनिक लापरवाही को साफ तौर पर उजागर करती है।

Exit mobile version