Santosh attacks AAP : लुधियाना। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष ने लुधियाना में पार्टी की जोनल बैठक के दौरान AAP सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब में विकास ठप है, उद्योग पलायन कर रहा है और सरकार को बदलना जरूरी है। संतोष ने 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
संतोष आज लुधियाना में लुधियाना शहरी, लुधियाना ग्रामीण, खन्ना, जगराओं, मोगा, रोपड़ और मलेरकोटला जिलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की जोनल बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब इस बार बदलेगा और यह बदलाव भारतीय जनता पार्टी लाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम को पूरे जोर-शोर से जमीनी स्तर पर लागू करने तथा हर मंच के माध्यम से पार्टी की नीतियों एवं मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब से भगाना और पंजाब को बचाना भाजपा का संकल्प है।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष श्री केवल सिंह ढिल्लों ने बीएल संतोष का स्वागत करते हुए कहा कि उनका अनुभव पंजाब की टीम को नई दिशा देगा और 2027 में भाजपा की सरकार बनाने के लिए उनका मार्गदर्शन बेहद लाभदायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब की आर्थिक स्थिति को बेहद कमजोर कर दिया है और राज्य पर दिन-ब-दिन कर्ज बढ़ रहा है। पंजाब को फिर से महाराजा रणजीत सिंह के शासन जैसी खुशहाली की ओर ले जाने के लिए डबल इंजन वाली भाजपा सरकार जरूरी है।

