पंजाब डेस्क: पाकिस्तान में विवाह करने वाली भारतीय सिख सरबजीत कौर आज अपने घर लौट सकती हैं। उन्हें भारत लौटने से पहले सभी इमिग्रेशन प्रक्रियाओं को पूरा करना होगा। सोमवार को उनके भारत आगमन की तैयारियाँ अटारी-वाघा इंटरनेशनल बॉर्डर पर पूरी हो चुकी थीं, लेकिन अंतिम क्षण में पाकिस्तान की होम मिनिस्ट्री ने उनकी वापसी रोक दी थी। इस कारण बॉर्डर पर तैनात भारतीय अधिकारियों को भी उन्हें लेने से पहले वापस लौटना पड़ा।
स्थानीय अदालत ने दिया आदेश
पाकिस्तानी स्थानीय अदालत ने हाल ही में सरबजीत कौर को भारत लौटने का आदेश दिया था। इसके बाद पाकिस्तान पुलिस ने उन्हें ढूंढ कर वाघा बॉर्डर तक पहुँचाया। इमिग्रेशन और कस्टम की अधिकांश औपचारिकताएँ पूरी हो चुकी थीं, लेकिन दस्तावेजों के अधूरे होने के कारण पाकिस्तान की होम मिनिस्ट्री ने उनकी वापसी को रोक दिया।
4 नवंबर 2025 को गई थीं पाकिस्तान
सरबजीत कौर, जो पंजाब के कपूरथला की रहने वाली हैं, 4 नवंबर 2025 को सिख तीर्थयात्रियों के एक समूह के साथ श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर पाकिस्तान गई थीं। वहाँ उन्होंने पाकिस्तानी युवक नासिर हुसैन से विवाह किया और शादी के बाद अपना नाम बदलकर नूर हुसैन रख लिया। उल्लेखनीय है कि उनका तीर्थयात्री वीज़ा ‘सिंगल एंट्री’ था, जिसकी वैधता समाप्त हो चुकी थी।
ये भी पढ़ें: Punjab Power Cut: पंजाब में आज लंबा पावर कट, कई शहर और गांवों की बिजली रहेगी बंद
TikTok पर हुई थी दोस्ती
सरबजीत कौर और नासिर हुसैन की पहचान 2016 में TikTok के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों कई वर्षों तक संपर्क में रहे। सरबजीत ने कई बार वीज़ा आवेदन किया था, लेकिन कानूनी कारणों से उनके आवेदन खारिज कर दिए गए थे।
अब पाकिस्तान की ओर से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद सरबजीत कौर अपने घर लौट सकती हैं और उनके परिवार में खुशी की लहर है।

