SC Commission Seeks Action Report in Death Case : जालंधर। संगरूर में अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित युवक की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए संगरूर के उपायुक्त और एसएसपी से 15 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। यह कार्रवाई पूर्व विधायक एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल की शिकायत पर की गई है। आयोग ने एफआईआर, पुलिस जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी, चार्जशीट और पीड़ित परिवार को मुआवजे समेत पूरे मामले की जानकारी तलब की है।
आयोग ने संगरूर के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट में मामले की जांच, पुलिस कार्रवाई, एफआईआर और लगाई गई धाराओं, आरोपियों की गिरफ्तारी, चार्जशीट तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने संबंधी जानकारी मांगी गई है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के समक्ष पेश होने के लिए समन जारी किया जा सकता है।
शीतल अंगुराल ने कहा कि उनका उद्देश्य पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी परिवार के साथ अन्याय न हो। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग के हस्तक्षेप से जांच में तेजी आएगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।

