Site icon Dainik Savera Times

‘हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026’ के शेड्यूल का ऐलान, जालंधर में होगा पहला मुकाबला

Hockey Asian Champions Trophy 2026

Hockey Asian Champions Trophy 2026

पंजाब में हॉकी प्रेमियों के लिए बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हॉकी एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर से होगी, जबकि खिताबी मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा।

छह देशों की टीमें लेंगी हिस्सा

टूर्नामेंट में भारत के अलावा पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, चीन और कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं, ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमों के तौर पर रखा गया है। शेड्यूल जारी करने के साथ ही टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया गया। इस दौरान हॉकी इंडिया के खिलाड़ी और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

25.40 करोड़ रुपये का बजट, दर्शकों की एंट्री फ्री

पंजाब सरकार ने टूर्नामेंट के आयोजन के लिए 25 करोड़ 40 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया है। पंजाब सरकार के मुताबिक, पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों से कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पंजाब सरकार संभालेगी। सरकार का कहना है कि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।

पंजाब को बताया हॉकी की नर्सरी

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब को देश में हॉकी की नर्सरी के तौर पर जाना जाता है। हॉकी राज्य के लोगों के जीवन का अहम हिस्सा है और भारतीय हॉकी टीम में पंजाब के कई खिलाड़ी प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए पंजाब को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी के बड़े मंच की मेजबानी का अवसर मिल रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर और राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सरकार का जोर रहेगा।

बच्चों और दिग्गज खिलाड़ियों को भी जोड़ा जाएगा

टूर्नामेंट के दौरान बच्चों को भी आयोजन से जोड़ने की तैयारी है। मैचों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा हॉकी के पुराने और दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। पंजाब सरकार जूनियर और सीनियर स्तर पर हॉकी लीग आयोजित करने की दिशा में भी काम कर रही है। इसका उद्देश्य राज्य में हॉकी के लिए मजबूत आधार तैयार करना और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है।

हॉकी इंडिया लीग में पंजाब की टीमें उतारने की तैयारी

पंजाब सरकार के मुताबिक, हॉकी इंडिया लीग में भविष्य में पंजाब की पुरुष और महिला टीमों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल सकते हैं और राज्य में हॉकी को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version