Site icon Dainik Savera Times

स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे स्कूल शिक्षक और विद्यार्थी

Schools to Drive Awareness Campaign for Census 2027 : मोगा। जनगणना-2027 के सफल आयोजन और स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला मोगा में शिक्षा विभाग के सहयोग से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के तहत स्कूल प्रमुखों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसी संबंध में ब्लॉक निहाल सिंह वाला और बाघापुराना के स्कूल प्रमुखों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना संचालन निदेशालय, पंजाब के संयुक्त निदेशक आर.पी. सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। बैठक के दौरान आर.पी. सिंह ने स्कूल प्रमुखों को जनगणना-2027 के महत्व, इसके उद्देश्यों और स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि जनगणना देश की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्रित करने की प्रक्रिया है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार को विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में सहायता मिलती है। इसलिए जनगणना के कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक निर्धारित पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे लोगों को अपनी जानकारी उपलब्ध करवाने में सुविधा मिलेगी और जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सुचारू एवं प्रभावशाली बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि लोगों को इस सुविधा के बारे में सही जानकारी देना और उन्हें इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। आर.पी. सिंह ने स्कूल प्रमुखों से अपील की कि वे अपने स्कूलों के शिक्षकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के माध्यम से स्व-गणना संबंधी जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। स्कूलों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर विद्यार्थियों को जनगणना के महत्व और स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने परिवारों और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक कर सकें।

बैठक में स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान को प्राथमिकता के आधार पर चलाएं। शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से अधिक से अधिक नागरिकों तक सही जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों और शैक्षणिक संस्थानों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

Exit mobile version