
Scooter Rider Shot by Two Bike-Borne Assailants : लुधियाना। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने एक्टिवा सवार युवक को रास्ते में रोककर गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी, लेकिन घायल होने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और अपनी एक्टिवा खुद चलाकर घर पहुंच गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हैरानी की बात यह रही कि घायल युवक ने हिम्मत नहीं हारी और कुछ देर बाद अपनी एक्टिवा उठाकर खुद चलाते हुए घर पहुंच गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना 14 नवंबर की है। थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। राम नगर निवासी रीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा विकास 14 नवंबर 2026 को अपनी एक्टिवा पर काम के सिलसिले में घर से निकला था।
जब वह ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के कट के पास पहुंचा तो पीछे से बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक आए। उन्होंने विकास को रास्ते में रोक लिया। शिकायत के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अपने पास मौजूद पिस्तौल से विकास पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली सीधे उसके पेट में लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने रीना की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 109, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 व 59 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस आरोपितों की पहचान करने के साथ ही गोली चलाने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।