Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘सेहत सेविका’ पहल से ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा और महिलाओं को रोजगार का अवसर: DC हिमांशु जैन

August 21, 2026

‘सेहत सेविका’ पहल से ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा और महिलाओं को रोजगार का अवसर: DC हिमांशु जैन

लुधियाना: जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड (VSSL) ने नई पहल शुरू की है। कंपनी ने जिला प्रशासन लुधियाना और बहार फाउंडेशन के सहयोग से अपने CSR कार्यक्रम ‘स्वस्थ समाज’ के तहत ‘सेहत सेविका’ परियोजना का शुभारंभ किया।

इस परियोजना के तहत 50 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने और जरूरतमंद लोगों को आवश्यक प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल उपकरणों से युक्त किट प्रदान की जाएंगी। परियोजना के लिए वर्धमान स्पेशल स्टील्स की ओर से करीब 9 लाख रुपये का वित्तीय सहयोग दिया गया है।

स्वास्थ्य के साथ आजीविका का भी अवसर

कार्यक्रम में लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन, आईएएस ने पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘सेहत सेविका’ जैसी योजनाएं लोगों को उनके नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के साथ प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा कर सकती हैं। उन्होंने वर्धमान स्पेशल स्टील्स के सच्चित जैन और चेयरपर्सन सौम्या जैन के नेतृत्व में जरूरतमंद वर्गों के लिए किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी प्रशंसा की।

कई स्वास्थ्य परियोजनाएं चला रही कंपनी

वर्धमान स्पेशल स्टील्स के CSR प्रमुख अमित धवन ने बताया कि कंपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रही है। इनमें जरूरतमंद लोगों की मुफ्त मोतियाबिंद सर्जरी, महिलाओं के लिए मासिक धर्म स्वास्थ्य संबंधी सहायता, कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाना और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ‘सेहत सेविका’ परियोजना के जरिए स्वास्थ्य जागरूकता और प्राथमिक चिकित्सा सेवाओं को समुदाय के स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन के साथ किए जा रहे समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों, निजी संस्थानों और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से समाज के कमजोर वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें