Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

16 से 30 नवंबर तक नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर होगी जनसंख्या की गणना

November 13, 2026

16 से 30 नवंबर तक नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर होगी जनसंख्या की गणना

अमृतसर: जनगणना-2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) को जिला अमृतसर में सुचारू, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संपन्न करवाने के लिए आज सभी चार्ज अधिकारियों और सुपरवाइजरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण के दौरान 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहने वाली स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा तथा घर-घर जाकर गणना शुरू होने से पहले की जाने वाली तैयारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर श्री बिक्रमजीत सिंह शेरगिल और सहायक कमिश्नर श्री विशाल वधावन विशेष रूप से उपस्थित हुए तथा उन्होंने जनगणना के दूसरे चरण से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। सहायक निदेशक श्री स्वदेश प्रताप ने संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इस दौरान एकत्र किया जाने वाला डाटा भविष्य की विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बनता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जानकारी एकत्र करते समय पूरी सटीकता, विश्वसनीयता और निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

मास्टर ट्रेनर श्री राजविंदर सिंह ने जनगणना शुरू होने से पहले पूरे किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि चार्ज की सीमाओं का सत्यापन, नजरी नक्शों को अंतिम रूप देना, गणनाकारों और सुपरवाइजरों की तैनाती की पुष्टि, ऐप की इंस्टॉलेशन और लॉगिन की जांच तथा सामग्री और पहचान पत्रों का वितरण सहित सभी प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित चार्ज अधिकारियों के साथ लगातार तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस दौरान मास्टर ट्रेनर श्री अमृतपाल सिंह ने स्व-गणना प्रक्रिया का लाइव प्रैक्टिकल प्रदर्शन किया। उन्होंने अधिकारियों को आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन करने, ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करने, परिवार के विवरण भरने, आमतौर पर आने वाली तकनीकी समस्याओं का समाधान करने तथा स्व-गणना आईडी (SE ID) तैयार करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने यह भी बताया कि घर-घर जाकर गणना के दौरान गणनाकारों द्वारा स्व-गणना आईडी का सत्यापन किया जाएगा और परिवार के विवरण में हुए किसी भी बदलाव को अपडेट किया जाएगा।

अमृतसर शहर के पांचों जोनों के अधिकारियों ने लिया हिस्सा

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अमृतसर शहर के पांच जोनों पूर्वी, पश्चिमी, केंद्रीय, दक्षिणी और उत्तरी के सभी चार्ज अधिकारियों तथा संबंधित सुपरवाइजरों ने भाग लिया। सुपरवाइजरों को गणनाकारों का मार्गदर्शन करने, डाटा सिंक करने से पहले उसकी जांच करने तथा फील्ड में आने वाली समस्याओं का समाधान करने संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस दौरान डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि जनगणना ड्यूटी पर तैनात कोई भी अधिकारी या कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के छुट्टी नहीं लेगा, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रह सके। सभी विभाग आपसी तालमेल बनाए रखें और सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और गंभीरता से निभाएं।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण के तहत नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकारों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या संबंधी जानकारी एकत्र की जाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान परिवार के सदस्यों से संबंधित लगभग 40 सवाल पूछे जाएंगे।

जिला प्रशासन की ओर से सभी निवासियों से अपील की गई है कि वे स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार के संबंध में सही एवं पूरी जानकारी दर्ज करवाएं। जनगणना की सफलता के लिए प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ आम जनता की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है। इसलिए प्रत्येक नागरिक अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए इस राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण सहयोग दे।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें