मोगा: भारत की पहली डिजिटल जनगणना-2027 में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक चलाई जाएगी। इस दौरान नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करवाने की सुविधा मिलेगी।
इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावशाली बनाने के लिए पहली बार डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से लोग अपनी सुविधानुसार निर्धारित समय के दौरान परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन भर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल [https://se.census.gov.in तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। जानकारी सफलतापूर्वक जमा करवाने के बाद एक विशेष स्व-गणना आईडी जारी की जाएगी। नागरिकों को यह आईडी बाद में घर-घर आने वाले जनगणना कर्मचारियों के साथ साझा करनी होगी, ताकि उनके द्वारा दर्ज की गई जानकारी की पुष्टि की जा सके।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा अनिवार्य नहीं है, बल्कि नागरिकों की सुविधा के लिए एक वैकल्पिक व्यवस्था है।
उन्होंने जिले के निवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार से संबंधित सही एवं पूरी जानकारी दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के भविष्य के विकास, सरकारी योजनाओं तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस राष्ट्रीय कार्य में अपना योगदान देना चाहिए।
📍 Location: मोगा

