Senior citizens and youth share experiences : अमृतसर। सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग, कुल्लू द्वारा राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक कार्ययोजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के बीच आपसी संवाद, सम्मान और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अंतरपीढ़ी समन्वय गतिविधियों का आयोजन किया।
वरिष्ठों के अनुभवों से युवाओं को मिली प्रेरणा
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त उप शिक्षा निदेशक जगदीश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए युवाओं से उनसे प्रेरणा लेने और उनके सम्मान एवं देखभाल को अपनी जिम्मेदारी मानने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों को एक साझा मंच पर लाकर अनुभवों के आदान-प्रदान, आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।
वरिष्ठों के अनुभव, युवाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने युवाओं के साथ खुलकर संवाद किया तथा अपने जीवन के अनुभव, संस्कार और संघर्ष की प्रेरणादायक कहानियाँ साझा कीं। युवाओं ने भी वरिष्ठ नागरिकों से सीख लेते हुए उनके अनुभवों का सम्मान करने और समाज में उनकी गरिमापूर्ण भूमिका को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों के लिए कैरम बोर्ड, शतरंज, म्यूजिकल चेयर, अंताक्षरी, प्रश्नोतरी प्रतियोगिता, पहेलियों सहित विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अलावा संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रचनात्मक कार्यशालाओं, कौशल साझा करने तथा आजीवन सीखने से संबंधित गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों और युवाओं के नए विचारों का आदान-प्रदान हुआ।