Site icon Dainik Savera Times

पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अधिकारों और विकास के लिए संघर्ष जारी: दिनेश बस्सी

अमृतसर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मकबूलपुरा इलाके के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर 27 (मकबूलपुरा) की गली नंबर 9 स्थित बाबा कालू जी के निवास पर साथियों सहित विशेष बैठक की।

बैठक के दौरान क्षेत्रवासियों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए उन्होंने इलाके की मौजूदा स्थिति, बुनियादी सुविधाओं की कमी, विकास कार्यों और लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। दिनेश बस्सी ने कहा कि वह पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में जाकर लोगों की राय और सुझाव ले रहे हैं, ताकि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा सके।

उन्होंने कहा कि पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के अधिकारों, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी है। यह केवल चुनावों तक सीमित अभियान नहीं, बल्कि लोगों के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, स्वच्छता व्यवस्था, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

दिनेश बस्सी ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव तक पूर्वी विधानसभा क्षेत्र को एक विकसित और मॉडल क्षेत्र के रूप में स्थापित करना उनका प्रमुख राजनीतिक लक्ष्य है। इसी उद्देश्य से वह लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं, उनके सुझाव ले रहे हैं और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रहे हैं।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने भी इलाके के विकास के लिए अपने सुझाव दिए और दिनेश बस्सी के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बस्सी ने लोगों द्वारा जताए गए विश्वास और समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्वी विधानसभा क्षेत्र उनका अपना परिवार है और यहां के लोगों की सेवा तथा उनके विकास के लिए वह दिन-रात प्रयास करते रहेंगे।

Exit mobile version