पटियाला : शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आवारा कुत्तों की देखभाल के लिए बनाए जा रहे डॉग शैल्टर हाऊस के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने के उद्देश्य से नगर निगम की कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल, मेयर कुंदन गोगिया और सैनिटरी इंस्पैक्टर हरविंदर सिंह ने डंप साइट एवं निमार्णाधीन डॉग शैल्टर हाऊस का विशेष दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डंप साइट पर कचरे के निस्तारण, सफाई व्यवस्था तथा मशीनरी की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डंप साइट पर स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाया जाए तथा कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं।
इसके उपरांत टीम ने निमार्णाधीन डॉग शैल्टर हाऊस का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। अधिकारियों ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि डॉग शैल्टर हाऊस के निर्माण से आवारा कुत्तों की देखभाल अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सकेगी, जिससे आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।