Site icon Dainik Savera Times

सेवा केंद्र कर्मचारियों ने दी 15 सितंबर से पंजाब स्तरीय संघर्ष की चेतावनी

मोगाः सेवा केंद्र कर्मचारी यूनियन पंजाब के प्रतिनिधियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर श्रम विभाग के अधिकारियों के समक्ष रोष जताते हुए 15 सितंबर 2026 से पंजाब स्तर पर संघर्ष शुरू करने की चेतावनी दी है। यूनियन प्रतिनिधि आज फेस-10 स्थित कीर्ति भवन में श्रम विभाग के समक्ष पेश हुए और अपनी मांगों को लेकर विभाग को ज्ञापन दिया।

यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि पहले सौंपे गए मांग पत्र पर अब तक कोई ठोस एवं ईमानदार कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके चलते कर्मचारियों में भारी रोष है। नेताओं ने कहा कि कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के साथ पहले हुई बैठकों का भी अभी तक कोई सार्थक परिणाम सामने नहीं आया है। मांगों को लेकर लगातार टालमटोल की नीति अपनाए जाने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

यूनियन ने सरकार और विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांग पत्र पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो 15 सितंबर से पूरे पंजाब में व्यापक संघर्ष शुरू किया जाएगा। संघर्ष के पहले चरण में फेस-10 स्थित कीर्ति भवन, मोहाली में बड़े स्तर पर रोष मार्च निकाला जाएगा। यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संघर्ष के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी होती है या कोई अप्रिय स्थिति पैदा होती है तो इसकी जिम्मेदारी श्रम विभाग और पंजाब सरकार की होगी।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version