Site icon Dainik Savera Times

सालिणां गांव में कई परिवारों ने थामा शिरोमणि अकाली दल का दामन

मोगा: शिरोमणि अकाली दल हलका मोगा के इंचार्ज संजीत सिंह सन्नी गिल की अगुवाई में गांव सालिणां में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजवंत सिंह माहला सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक पार्टियों को छोड़कर आए कई परिवारों और युवाओं ने शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने की घोषणा की। पार्टी में शामिल होने वाले युवाओं और परिवारों का सिरोपा देकर सम्मान किया गया। इस दौरान नए सदस्यों ने पार्टी की नीतियों के प्रति विश्वास जताते हुए शिरोमणि अकाली दल को मजबूत करने के लिए पूरी लगन से काम करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सन्नी गिल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता और परिवार को पार्टी की ओर से बनता मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अकाली दल अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को हमेशा सम्मान देने के लिए जाना जाता है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में हलका मोगा से बड़ी संख्या में और परिवार शिरोमणि अकाली दल में शामिल होंगे।

सन्नी गिल ने कहा कि लोग अब महसूस करने लगे हैं कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब की अपनी क्षेत्रीय पार्टी है और पार्टी ही पंजाब के हितों की मजबूती से आवाज उठा सकती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में शिरोमणि अकाली दल पंजाब में अपनी सरकार बनाएगा। 16 सितंबर को हलका निहाल सिंह वाला के कस्बा बधनी कलां में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की अगुवाई में पंजाब बचाओ रैली आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से आम आदमी पार्टी सरकार की कथित नाकामियों को जनता के सामने रखा जाएगा। साथ ही पंजाब के अधिकारों के लिए अकाली दल द्वारा किए गए संघर्ष और प्रदेश में करवाए गए विकास कार्यों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की।

इस मौके पर जगसीर सिंह, युद्धवीर सिंह, मनप्रीत सिंह, गुरतेज सिंह, अमृतपाल सिंह, रणजीत सिंह, नछत्तर सिंह, साधू सिंह, चमकौर सिंह, प्रीतम सिंह, चन्नण सिंह, बलकार सिंह, सुखदेव सिंह, चरण सिंह, धन सिंह, राजू सिंह, अमर सिंह, परमजीत सिंह, राज सिंह, बलकार सिंह, करनैल सिंह, टेकचंद सिंह, मनजोत सिंह, मलकीत सिंह, गुरनाम सिंह, लखविंदर सिंह, अर्शदीप सिंह, जोबन सिंह, हरमन सिंह और मनदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version