Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

सीवरेज अधूरा, सड़क का काम शुरू; भड़कीं पार्षद

August 19, 2026

सीवरेज अधूरा, सड़क का काम शुरू; भड़कीं पार्षद

Sewerage work incomplete; roadwork begins : जालंधर। बद्रीदास कॉलोनी से ओल्ड बारादरी जाने वाली सड़क पर अधूरी सीवरेज पाइप लाइन का काम इलाका निवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। पार्षद डॉ. जसलीन सेठी ने नगर निगम पर बिना स्थायी समाधान किए काम रोकने का आरोप लगाते हुए जल्द सीवरेज लाइन पूरी करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर निगम कार्यालय के बाहर चक्का जाम किया जाएगा।

डॉ. जसलीन ने इस संबंध में निगम के निगरान इंजीनियर जसपाल सिंह से मुलाकात कर अधूरे काम को तुरंत पूरा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द काम पूरा नहीं हुआ तो नगर निगम के बाहर चक्का जाम किया जाएगा। डॉ. जसलीन ने बद्रीदास कालोनी का दौरा करते हुए बताया कि इलाके में लंबे समय से सीवरेज ब्लॉकेज की समस्या बनी हुई है। कई बार अस्थायी समाधान के बावजूद स्थायी हल नहीं निकला। निगम हाऊस से सीवरेज पाइप बदलने का प्रोजेक्ट पास होने के बाद जनवरी 2026 में काम शुरू हुआ था। पार्षद के अनुसार काम शुरू होने पर 6 माह हो गए और काफी हद तक सीवरेज पाइप भी डाल दी गई।

उसके बाद आगे की जगह पर पाइप लाइन का काम रूका हुआ था। इसको लेकर वह कई बार कर्मियों से बात की गई और उनके द्वारा टाल-मटौल किया गया। इसके बाद अब नगर निगम के जेई यश ने बताया कि पाइप लाइन डालने का एस्टीमेट खत्म हो चुका है। पार्षद ने कहा कि अधूरे काम का अब जिम्मेदार कौन है। पार्षद ने कहाकि काम शुरू करवाने से पहले जेई ने खुद इलाके का दौरा किया था और उन्होंने रोड की ब्लॉकेज को देखा था। पार्षद ने कहाकि अगर एस्टीमेट बढ़ गया तो जेई को प्रोपजल लेने के लिए आवेदन जारी करना चाहिए।

अब सीवरेज का काम इलाके में अधूरा पड़ा हुआ है और अब नगर निगम द्वारा वहां पर सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। पार्षद ने कहा कि सड़क बनाने से पहले उनके द्वारा मेयर को लिखित में पत्र जारी किया गया था, जिसमें लिखा था कि सीवरेज का काम पूरा होने के बाद ही सड़क बनाने का काम शुरू किया जाए। ऐसे में साढ़े 7 महीने से सीवरेज और सड़क का काम अधूरा होने के कारण लोग परेशान हो रहे है। हालांकि 3 से 4 दिन बाद लगातार सीवरेज कर्मियों द्वारा सीवरेज खोलने का काम किया जा रहा है, लेकिन उसके बाद फिर से सीवरेज ब्लॉक हो रहा है।

पार्षद द्वारा मेयर से इलाके का काम जल्द से जल्द पूरा करवाने की अपील की गई है। वहीं इलाका निवासी गोमती ने कहाकि इलाके में 3 साल से सीवरेज की समस्या चल रही है। ऐसे में प्रशासन द्वारा सीवरेज का काम पिछली गली से कर दिया गया, लेकिन उनकी गली में सीवरेज का काम अधूरा है। आरोप है कि अजय चोपड़ा द्वारा ने जेई की मौजूदगी में कहा गया कि अभी सड़क बनने का काम चल रहा है, ऐसे में सड़क बनने के बाद अगर सीवरेज की समस्या आएंगी तो उसे भी हल करवा दिया जाएगा। वहीं पार्षद ने कहाकि सड़क बनाने के बाद फिर से सीवरेज की समस्या को लेकर सड़क को तोड़ा जाएगा और नगर निगम पर इस खर्चे का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें