अमृतसर: असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग का प्रस्ताव दिया है। SGPC अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने असम के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य में चल रहे राहत अभियानों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।
पत्र में एडवोकेट धामी ने बाढ़ के कारण हुए जान-माल के नुकसान पर दुख जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का प्रभावित होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सिख परंपरा में मानव सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और इसी भावना के तहत SGPC संकट की इस घड़ी में असम के लोगों के साथ खड़ी है।
SGPC अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर जरूरत पड़ने पर सेवादारों की टीमें प्रभावित इलाकों में भेजी जाएंगी। इसके अलावा बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन, पेयजल, कपड़े, कंबल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ लंगर सेवाएं शुरू करने की भी तैयारी जताई गई है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की जरूरतों को देखते हुए आर्थिक सहायता समेत अन्य जरूरी मदद भी मुहैया कराई जाएगी। राहत कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए उन्होंने असम सरकार से संबंधित नोडल अधिकारी या विभाग की जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है, ताकि सहायता जल्द से जल्द जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
SGPC की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों की संभावनाओं का आकलन करने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल भेजने की भी जानकारी दी गई है। प्रतिनिधिमंडल की रिपोर्ट के आधार पर आगे की सहायता योजना तैयार की जाएगी। SGPC ने दोहराया कि प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे लोगों की सहायता के लिए संस्था सेवा और सहयोग के अपने सिद्धांतों के तहत हर संभव कदम उठाने के लिए तैयार है।

