पंजाब डेस्क: श्री फतेहगढ़ साहिब में आज से तीन दिन का वार्षिक शहीदी जोर मेल शुरू हो गया है। सरहिंद के इस ऐतिहासिक स्थल पर छोटे साहिबज़ादों बाबा ज़ोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी को समर्पित इस आयोजन में देश-विदेश से श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।
इस दौरान फतेहगढ़ साहिब जाने वाली प्रमुख सड़कों पर बड़े पैमाने पर लंगर चलाए जा रहे हैं। इस बार लंगर को साधारण रखा गया है, जिसमें केवल दाल और सब्जी परोसी जा रही है, जबकि मिठाई और जलेबी शामिल नहीं हैं।
तीन दिन के मुख्य कार्यक्रम
25 दिसंबर: गुरुद्वारा श्री ज्योति सरूप साहिब में अखंड पाठ साहिब का आयोजन हुआ, जिसका भोग 27 दिसंबर को होगा।
26 दिसंबर: रात 9 बजे कवि सम्मेलन का आयोजन।
27 दिसंबर: सुबह 9 बजे नगर कीर्तन की शुरुआत श्री फतेहगढ़ साहिब से होगी, जो दोपहर 12 बजे गुरुद्वारा श्री ज्योति सरूप साहिब में समाप्त होगी।
28 दिसंबर: तोड़र मल्ल दीवान हॉल में दिन-रात धार्मिक दीवान का आयोजन।
इसके अलावा 25 और 26 दिसंबर को डिस्ट्रिक्ट कॉम्प्लेक्स में ब्लड डोनेशन कैंप लगाया जाएगा। वहीं, शाम 6 से 7 बजे आम खास बाग में सिख इतिहास पर आधारित नाटक ‘सरबंसदानी’ का मंचन किया जाएगा।
सुरक्षा और सुविधा प्रबंध
DGP (लॉ एंड ऑर्डर) अर्पित शुक्ला, DIG नानक सिंह और SSP शुभम अग्रवाल ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। हेल्थ मिनिस्टर डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि संगत की सुविधा के लिए 7 डिस्पेंसरी, 20 आम आदमी क्लिनिक और 60 एंबुलेंस लगातार उपलब्ध रहेंगी। डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंड ने पहाड़ी पर एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित किए जाने की जानकारी दी, जहां पुलिस, हेल्थ, वाटर सप्लाई और सैनिटेशन विभाग के अधिकारी 24 घंटे सेवाएं देंगे। श्रद्धालु किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 01763-232838 पर संपर्क कर सकते हैं।
रेलवे और बस सेवा
नॉर्दर्न रेलवे ने शहीदी जोर मेल के दौरान 14 प्रमुख मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को सरहिंद स्टेशन पर तीन दिन (25 से 27 दिसंबर) के लिए 2 मिनट रुकने का आदेश दिया है। इस व्यवस्था के तहत ट्रेन से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्री फतेहगढ़ साहिब तक फ्री शटल बस सेवा भी उपलब्ध होगी।
ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव हुआ या नहीं? देखें अपने शहर के ताजा रेट
2 मिनट के स्टॉपेज वाली प्रमुख ट्रेनें:
वाराणसी-जम्मू तवी, दुर्ग-शहीद कैप्टन तुषार महाजन, सियालदह-अमृतसर, न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर, न्यू तिनसुकिया-अमृतसर, विशाखापत्तनम-अमृतसर, बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर, अमृतसर-कोलकाता, जम्मू तवी-दुर्ग, अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी, अमृतसर-टाटानगर, अमृतसर-नई दिल्ली, जम्मू तवी-वाराणसी और अमृतसर-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस।

