Shergill Takes Charge as Jalandhar Cantt Market Committee Chairman : जालंधर। गुरिंदर सिंह शेरगिल ने आज जालंधर कैंट मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन के रूप में अपने कार्यालय में पदभार संभाल लिया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत कर उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। समारोह में कैबिनेट मंत्री महेंद्र भगत, जिला अध्यक्ष एवं चेयरमैन प्लानिंग बोर्ड अमृतपाल पाल, जालंधर कैंट हलका इंचार्ज दीपक बाली, मेयर विनीत धीर, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुहाना, चेयरमैन पंजाब एग्रो मंगल सिंह बासी, चेयरमैन सफाई आयोग पंजाब चंदन ग्रेवाल, अश्वनी अग्रवाल, राजविंदर कौर थियाड़ा, ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी, नैन छाबड़ा, प्रदीप दुग्गल, सुखदीप सिंह अपरा, सुभाष शर्मा और गौरव पुरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
इसके अलावा विभिन्न गांवों के सरपंच, पंच और अन्य राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। इस मौके पर नेताओं ने कहा कि गुरिंदर सिंह शेरगिल को मिली जिम्मेदारी उनकी मेहनत, लगन और जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में मार्केट कमेटी का कामकाज बेहतर होगा और किसानों, आढ़तियों तथा व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। पदभार संभालने के बाद गुरिंदर सिंह शेरगिल ने पार्टी नेतृत्व और समारोह में पहुंचे सभी लोगों का आभार जताया।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे तथा किसानों और व्यापारियों की भलाई एवं क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

