पंजाब डेस्क: जालंधर शहर के फगवाड़ा गेट क्षेत्र में एक बार फिर अवैध निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बता दें कि स्थानीय बाजार में स्थित MK Electronics नामक दुकान पर पहले लगाई गई नगर निगम की सील को कथित तौर पर तोड़ दिया गया और भवन में दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।सूत्रों के अनुसार, दुकानदार ने नगर निगम अधिकारियों को बड़ी रकम अदा की और बीच में एक दलाल की मदद से निर्माण में तेजी लाई। अवैध रूप से तीसरी मंजिल का निर्माण भी किया गया है।
नगर निगम की निष्क्रियता पर सवाल
यह इमारत पहले कांग्रेस सरकार के दौरान सील की गई थी, लेकिन अब इसे अनधिकृत तरीके से दोबारा बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद नगर निगम की टीम ने कोई कार्रवाई नहीं की। फगवाड़ा गेट मार्केट में कई अन्य इमारतें भी अवैध निर्माण के दायरे में आती हैं। इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय और पंजाब विजिलेंस ब्यूरो तक पहुंचाई गई है।
अवैध निर्माण के गंभीर संकेत
जानकारी के अनुसार, केवल तीन मंजिलें ही नहीं, बल्कि इस इमारत में लिफ्ट भी लगाई गई है। नगर निगम की सील को नजरअंदाज कर निर्माण करने के इस मामले में उच्च अधिकारियों से तत्काल जांच की मांग की गई है। घटना ने न केवल प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठाए हैं, बल्कि स्थानीय लोगों में नाराजगी भी बढ़ाई है।

