Site icon Dainik Savera Times

15 साल सेवा के बाद भी स्वास्थ्य कर्मचारियों को नहीं मिला स्थायी दर्जा

 
 
Shwait Accuses Punjab Government of Neglecting NHM Employees : अमृतसर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने पंजाब में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 14,000 से अधिक कच्चे स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ हो रहे घोर अन्याय और भेदभाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला।

मलिक ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की गारंटी देकर सत्ता में आई भगवंत मान सरकार ने भी इनके साथ गहरा विश्वासघात किया है। दूसरे विभागों के कर्मचारियों को नियमित करने का ढोल पीटने वाली मान सरकार रीढ़ की हड्डी बनकर स्वास्थ्य सेवाएं चला रहे एनएचएम कर्मियों की जायज़ मांगों की ओर जानबूझकर आंखें मूंदे बैठी है। *‘समान कार्य, समान वेतन’ का हनन; 15 वर्षों की सेवा के बाद भी न ग्रेच्युटी न नियमित दर्जा-* श्वेत मलिक ने कहा कि एनएचएम के तहत तैनात डॉक्टर, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ), स्टाफ नर्सें, एएनएम और लैब तकनीशियन नियमित स्टाफ के बराबर या उससे अधिक ड्यूटी निभाते हैं, लेकिन वेतनों में ज़मीन-आसमान का अंतर है।

नियमित नर्सें जहां ₹60,000 से ₹70,000 प्रति माह ले रही हैं, वहीं एनएचएम नर्सों को केवल ₹15,000 से ₹20,000 देकर आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ‘समान कार्य के लिए समान वेतन’ के आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। 15-18 वर्षों की लगातार सेवा के बावजूद इन कर्मचारियों को पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट 1972 के तहत ग्रेच्युटी, पेंशन या मेडिकल बीमा तक नहीं दिया जा रहा, जबकि सीएचओ की मेहनत की कमाई से परफॉर्मेंस बेस्ड इंसेंटिव (पीबीआई) के नाम पर शर्तें थोपकर कटौतियां की जा रही हैं।

भाजपा नेता ने याद दिलाया कि 27 नवंबर 2021 को अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने मोहाली धरने में जाकर सभी कच्चे कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर पक्का करने की गारंटी दी थी और 22 मार्च 2022 को 35,000 कर्मचारी पक्के करने की घोषणा की थी। लेकिन आज जब एनएचएम कर्मचारियों को नियमित करने की बारी आई, तो पंजाब सरकार यह कहकर पल्ला झाड़ रही है कि यह 60:40 अनुपात वाली केंद्रीय योजना है। उन्होंने कहा कि अकेले लुधियाना ज़िले के 236 आयुष्मान आरोग्य केंद्र पिछले 21 दिनों से पूरी तरह ठप पड़े हैं, बच्चों की स्क्रीनिंग और टीबी के टेस्ट बंद हैं तथा गरीब मरीज़ दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

मलिक ने मांग की कि मान सरकार तुरंत विशेष अधिसूचना जारी कर सभी एनएचएम कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित करे, समान कार्य-समान वेतन लागू करे और ग्रेच्युटी का लिखित आदेश जारी करे।

Exit mobile version