Sidhu Moosewala documentary : ब्रिटिश प्रसारक बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने बुधवार को यूट्यूब पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के जीवन पर आधारित दो भागों वाला एक डॉक्यूमेंट्री जारी किया। मूसेवाला की 2022 में उनकी कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके पिता इस डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण पर रोक लगाने के लिए अदालती लड़ाई लड़ रहे हैं। ‘द किलिंग कॉल’ को सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुद्धदीप सिंह सिद्धू के जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया है।
मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने मंगलवार को पंजाब की मानसा अदालत में एक याचिका दायर कर इस वृत्तचित्र के प्रसारण पर रोक लगाने का अनुरोध किया। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की अदालत ने मामले की सुनवाई 12 जून तक के लिए स्थगित कर दी। मूसेवाला के पिता ने अपनी याचिका में दलील दी है कि यह वृत्तचित्र उनके बेटे की हत्या के मामले में चल रहे मुकदमे की सुनवाई को प्रभावित कर सकता है और परिवार की निजता का उल्लंघन करता है।
बलकौर के वकील सतिंदर पाल सिंह ने कहा कि मूसेवाला पर डॉक्यूमेंट्री बनाने से पहले उनके परिवार की सहमति नहीं ली गई। इससे पहले, जब बलकौर को पता चला था कि डॉक्यूमेंट्री को 11 जून को जुहू में प्रदर्शित किया जाना है, तो उन्होंने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और मुंबई के जुहू पुलिस थाने को प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने के लिए पत्र लिखा था।
मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने दोस्त और चचेरे भाई के साथ जवाहर के गांव जा रहे थे। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य गोल्डी बराड़ ने मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। बराड़ फिलहाल कनाडा में है। बीबीसी का वृत्तचित्र मूसेवाला के शुरुआती जीवन, संगीत जगत में उनकी कामयाबी और उनकी हत्या के पीछे की परिस्थितियों पर केंद्रित है। इसमें मूसेवाला के दोस्तों, पंजाब पुलिस के एक अधिकारी और कुछ पत्रकारों के साक्षात्कार शामिल किए गए हैं।

