पंजाब डेस्क: पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के लंबी विधानसभा क्षेत्र के गांव पंजावा की बेटी सिमरन कंबोज ने 2026 एशियन बीच गेम्स में भारतीय महिला बीच कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इस उपलब्धि हासिल करने वाली भारतीय टीम में सिमरन कंबोज भी शामिल रहीं। अब सिमरन का चयन कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय कबड्डी टीम में हुआ है, जिसके बाद उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
सिमरन कंबोज के चयन की खबर से उनके गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को पंजाब के लिए गर्व की बात माना जा रहा है। सिमरन ने अपने खेल के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है, जो उनके लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद हर कोई सिमरन को बधाई दे रहा है।
युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
सिमरन कंबोज की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो कबड्डी में अपना करियर बनाना चाहते हैं। भारतीय टीम में चयन होना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। अब प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए सिमरन के प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों की नजरें रहेंगी। पंजावा गांव की इस बेटी की सफलता से स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। सभी को उम्मीद है कि सिमरन चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन कर देश और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

