SIR-2026 Review : Dharamkot Leads Punjab : मोगा। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए रोल ऑब्जर्वर ऋतु अग्रवाल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मतदाता सूची को पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए तथा विशेष कैंपों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की मुख्य प्राथमिकता है। इस बैठक में संजीव कोछड़ (इंडियन नेशनल कांग्रेस), रोहित कुमार (सी.पी.आई.-एम.), गुरविंदर सिंह, अनिल शर्मा, अमृतपाल सिंह तथा मनदीप सिंह (आम आदमी पार्टी), मुख्तियार सिंह (भाजपा), कुलदीप सिंह (शिरोमणि अकाली दल) तथा रछपाल सिंह शोषण, लोकसभा सदस्य कार्यालय फरीदकोट की ओर से उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो तथा मतदाता सूचियों को निर्धारित नियमों के अनुसार सही और अपडेट करने की प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से पूरा किया जाए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सेतिया ने कहा कि मोगा जिले में एस.आई.आर. का कार्य पूर्ण रूप से संतोषजनक ढंग से हुआ है तथा जिले के धर्मकोट विधानसभा क्षेत्र द्वारा पंजाब भर में सबसे पहले एस.आई.आर. पूरा किया गया है। इसके उपरांत ऋतु अग्रवाल द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए पोलिंग बूथों पर लगाए जा रहे विशेष कैंपों का दौरा किया गया। उन्होंने कैंपों में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लेते हुए नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कैंपों में पहुंचे लोगों के साथ सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (ज) श्री जसपिंदर सिंह, चुनाव तहसीलदार बरजिंदर सिंह तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। रोल ऑब्जर्वर ने नागरिकों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के दौरान अपनी मतदाता जानकारी की जांच अवश्य करें और यदि किसी प्रकार के संशोधन या सुधार की आवश्यकता हो तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करवाएं। उन्होंने कहा कि सही और अपडेटेड मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की नींव है और इस प्रक्रिया में प्रत्येक योग्य नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

