Last Updated: October 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

SIR अभियान: मुक्तसर साहिब में राजनीतिक दलों के साथ चुनाव अधिकारी की समीक्षा बैठक

August 7, 2026

SIR अभियान: मुक्तसर साहिब में राजनीतिक दलों के साथ चुनाव अधिकारी की समीक्षा बैठक

श्री मुक्तसर साहिब: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत घर-घर जाकर मतदाता गणना के पहले चरण के पूरा होने के बाद जिला प्रशासन ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता जिला चुनाव अधिकारी-सह-उपायुक्त श्री अमित कुमार पांचाल (IAS) ने की।

बैठक में चुनाव अधिकारी ने SIR अभियान की प्रगति और प्राप्त आंकड़ों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जिले में घर-घर जाकर गणना का कार्य 3 अगस्त 2026 को पूरा कर लिया गया है। जिले के कुल 6,93,936 पंजीकृत मतदाताओं में से 6,52,609 मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं और उनका डिजिटलीकरण भी पूरा कर लिया गया है। यह कुल मतदाताओं का करीब 94.04 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि अभी 41,327 मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त नहीं हुए हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे मतदाताओं की है जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से किसी अन्य शहर या स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, करीब 17,157 मतदाताओं के फॉर्म मृत्यु के कारण और 16,126 मतदाताओं के फॉर्म स्थान परिवर्तन के कारण नहीं मिल सके।

जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं होता है तो उसे अपना नाम दर्ज करवाने का अवसर दिया जाएगा। ऐसे मतदाता 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक फॉर्म नंबर-6 भरकर दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन 13 अगस्त को किया जाएगा। इसकी प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा सूची जिला चुनाव कार्यालय, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों और बूथ स्तर के अधिकारियों के पास भी उपलब्ध रहेगी।

बैठक में बताया गया कि जिन मतदाताओं का रिकॉर्ड मैप नहीं हो पाया है, उनकी संख्या 24,397 है। ऐसे मतदाताओं को 13 अगस्त से नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों की सूची में से कोई भी प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं, जिसमें जन्म प्रमाण पत्र या शैक्षणिक योग्यता से संबंधित दस्तावेज शामिल हैं। दस्तावेजों की जांच और सुनवाई के बाद निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी निर्णय जारी करेंगे। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 12 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में जिले में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की जानकारी भी दी गई। जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि पहले जिले में 753 मतदान केंद्र थे, लेकिन निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार किए गए रेशनलाइजेशन के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 760 हो गई है।

अंत में जिला चुनाव अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे SIR प्रक्रिया के आगामी चरणों में भी प्रशासन का सहयोग जारी रखें, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य निष्पक्ष और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें