Six Domestic LPG Cylinders Seized in Ludhiana : लुधियाना। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। विभाग की अलग-अलग टीमों ने मॉडल टाउन, गुलाटी चौक, कृष्ण मंदिर, जीटीबी मार्केट और दुगरी फेज-1 में ढाबों, रेस्तरां तथा खाने-पीने के स्टॉलों की जांच कर घरेलू गैस के 6 सिलेंडर जब्त किए। इस दौरान दुकानदारों और रेस्तरां संचालकों को चेतावनी दी गई कि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही इस्तेमाल करें।
इस दौरान, विभाग की अलग-अलग टीमों ने शहर के कई इलाकों में ढाबों, सड़क किनारे खाने-पीने के स्टॉलों और रेस्तरां की जांच की और 6 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। यह अभियान मॉडल टाउन, गुलाटी चौक, कृष्ण मंदिर, जीटीबी मार्केट और दुगरी फेज-1 के कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में चलाया गया। जिन जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल होते पाए गए, वहां दुकानदारों, रेस्तरां मालिकों और सड़क किनारे खाना बेचने वालों को 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी गई।
इसके अलावा टीम ने उन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों की तारीफ की, जो पहले से ही 19.2 किलोग्राम वाले कमर्शियल (व्यावसायिक) गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे थे। अधिकारियों ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल केवल घरेलू कामों के लिए ही हो, और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाए। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि व्यावसायिक कामों के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल करना नियमों का उल्लंघन है।
जो लोग ऐसा उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ सरकार द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए भविष्य में भी इस तरह के जांच अभियान जारी रहेंगे।

