
Six women injured in Scorpio collision : जालंधर। नूरमहल मुख्य मार्ग पर उप्पल खालसा गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने आगे जा रहे मोटरसाइकिल जुगाड़ू रेहड़े को टक्कर मार दी। हादसे में रेहड़े पर सवार 6 महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें एक महिला की आंख में गंभीर चोट आई है। टक्कर के बाद रेहड़ा खेतों में पलट गया, जबकि स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल नकोदर पहुंचाया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए रेहड़ा चालक राजकुमार ने बताया कि वह रहमानपुरा क्षेत्र की 6 महिलाओं को लेकर नूरमहल की ओर जा रहा था। सभी महिलाएं कबाड़ और पुराने अखबार एकत्र करने का काम करती हैं। ऐसे में जब वह उप्पल खालसा गेट के पास पहुंचे तो पीछे से आई तेज रफ्तार लाल स्कॉर्पियो चालक ने उसके रेहड़े में टक्कर मार दी। इस हादसे में 4 महिलाएं और 2 युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक महिला के चेहरे और आंख पर इतनी गंभीर चोट लगी कि उसकी आंख बाहर निकल आई। घटना के बाद आरोपी चालक स्कॉर्पियो समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस हेल्पलाइन पर कई बार फोन करने के बावजूद करीब आधे घंटे तक कोई सहायता नहीं पहुंची। अंततः घायल रेहड़ा चालक राजकुमार ने ही सभी घायलों को अपने रेहड़े पर लादकर सिविल अस्पताल नकोदर पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...