Site icon Dainik Savera Times

बठिंडा में 16 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष कैंप, मतदाता सूची में नाम जांचने का मौका

बठिंडा: जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत रविवार, 16 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रारंभिक रूप से प्रकाशित मतदाता सूची नागरिकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध करवाएंगे। डिप्टी कमिश्नर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश धीमान ने बताया कि पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले के सभी पोलिंग बूथों पर यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। संबंधित BLO सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान नागरिक प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य दर्ज विवरण की जांच कर सकेंगे। यदि किसी मतदाता को सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या कमी नजर आती है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित BLO के समक्ष अपना दावा या आपत्ति दर्ज करवा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बठिंडा जिले के नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष कैंप का लाभ उठाते हुए अपने मतदान केंद्र पर पहुंचें और प्रकाशित सूची में अपने मतदाता विवरण की जांच अवश्य करें। उन्होंने कहा कि सूची में किसी भी तरह की गलती पाए जाने पर समय रहते BLO के माध्यम से दावा या आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदाता सूची से संबंधित अपने विवरण को समय पर सत्यापित करने का आग्रह किया है।
Exit mobile version