Site icon Dainik Savera Times

पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के लिए 20 नवंबर तक चलेगा विशेष शिविर

special-camp-to-continue-until-november : मोगा। पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को पेंशन संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाने और उन्हें वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए जिला मोगा में विशेष शिविर लगाया जा रहा है।

निदेशालय रक्षा सेवा कल्याण विभाग की ओर से आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से आयोजित यह शिविर जिला रक्षा सेवा कल्याण कार्यालय, मोगा में 20 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल भूपिंदर भोला (सेवानिवृत्त), जिला रक्षा सेवा कल्याण अधिकारी, मोगा ने बताया कि यह विशेष शिविर उन पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगाया गया है, जो स्पर्श (SPARSH) पोर्टल के माध्यम से पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे पेंशनधारकों के लिए अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाना आवश्यक होता है।

इसी प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से विभाग की ओर से यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि कई बार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में इस विशेष शिविर के माध्यम से उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनकी पेंशन संबंधी प्रक्रिया बिना किसी अनावश्यक देरी और परेशानी के पूरी हो सके।

जिला रक्षा सेवा कल्याण अधिकारी ने मोगा जिले के सभी पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से अपील की कि जिन पेंशनधारकों ने अभी तक अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र स्पर्श पोर्टल पर जमा नहीं करवाया है, वे 20 नवंबर 2026 से पहले जिला रक्षा सेवा कल्याण कार्यालय, मोगा में पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाना जरूरी है, इसलिए पात्र पेंशनधारक इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Exit mobile version