Site icon Dainik Savera Times

श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित अमृतसर में होंगे विशेष ड्रोन शो

अमृतसर: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित राज्य के विभिन्न हिस्सों में विशेष ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत अमृतसर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी ड्रोन शो आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में पहला ड्रोन शो 5 अक्टूबर को बाबा बकाला साहिब में करवाया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि यह ड्रोन शो 5 अक्टूबर को शाम 5 बजे आई.टी.आई. बाबा बकाला साहिब में करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ड्रोन शो से पहले रागी जत्थों द्वारा श्री गुरु रविदास जी की बाणी का गुणगान किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक एवं श्रद्धामय बनेगा। इसके उपरांत सैकड़ों ड्रोन के माध्यम से आसमान में रोशनी और आधुनिक तकनीक का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया जाएगा। इस विशेष प्रदर्शन के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं, सामाजिक समानता, मानवता, भाईचारे और सर्वजन के कल्याण के संदेश को दर्शाया जाएगा।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की बाणी मानवता को समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देती है। ड्रोन शो के माध्यम से इन महान विचारों को आधुनिक तकनीक के जरिए लोगों और विशेष रूप से युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद 6 अक्टूबर की शाम को नंगल पार्क, मेन रोड, मजीठा में ड्रोन शो करवाया जाएगा। 7 अक्टूबर की शाम को रंजीत एवेन्यू, अमृतसर के मैदान में ड्रोन शो होगा। 8 अक्टूबर की शाम को शहीद मेवा सिंह स्टेडियम, लोपोके में ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा, जबकि 9 अक्टूबर की शाम को दविंद्रा इंटरनेशनल स्कूल, अजनाला के मैदान में ड्रोन शो करवाया जाएगा, जिला प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों को सुचारू ढंग से करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। दर्शकों की सुविधा, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने जिले वासियों से अपील की कि वे इन विशेष ड्रोन शो कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शामिल हों और श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित इन आयोजनों का हिस्सा बनें।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version