Special Voter Camps in Moga on October 24 : मोगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के दिशा-निर्देशों के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने और चुनाव संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 24 अक्टूबर को जिले के संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
ये कैंप दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाताओं की सहायता करेंगे। डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी मोगा, श्री सागर सेतिया ने बताया कि इन विशेष कैंपों का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देना और मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को सुविधाजनक बनाना है।
कैंपों के दौरान बीएलओ नागरिकों को चुनाव संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान करने में भी सहयोग देंगे। उन्होंने बताया कि कैंपों में नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने, पहले से दर्ज नाम और अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन करवाने तथा चुनाव संबंधी विभिन्न सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा, पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।
मतदाता अपने मौजूदा विवरणों की जांच कर यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि मतदाता सूची में उनकी जानकारी सही दर्ज है। डिप्टी कमिश्नर ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे 24 अक्टूबर को निर्धारित समय के दौरान अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर इन विशेष कैंपों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और अद्यतन बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी पात्र नागरिक चुनाव विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची से संबंधित अपने कार्य समय पर पूरे करवाएं।