Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और सुधार का मिलेगा मौका

November 19, 2026

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और सुधार का मिलेगा मौका

Special Voter Registration Camps in Moga : मोगा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के तहत मतदाता सूचियों को अपडेट करने और त्रुटियां दूर करने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर और 6 दिसंबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगने वाले इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। डिप्टी कमिश्नर एवं जिला चुनाव अधिकारी सागर सेतिया ने योग्य नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने तथा जरूरत के अनुसार नया पंजीकरण और संशोधन करवाने की अपील की है।

 
 

इस अभियान को अधिक प्रभावी बनाने और योग्य नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर और 6 दिसंबर 2026 को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और लोगों को मतदाता सूची से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के लिए सहायता प्रदान करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी सागर सेतिया ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 1 जनवरी 2027 को योग्यता तिथि मानकर मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण करवाया जा रहा है।

इसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को शुद्ध, पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकार यानी मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि विशेष कैंपों के दौरान नागरिक अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य व्यक्तिगत विवरण जांच सकते हैं। जिन योग्य नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नया वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता, आयु या अन्य दर्ज विवरणों में किसी प्रकार की गलती होने पर संशोधन के लिए भी आवेदन जमा करवाया जा सकेगा। यदि किसी नागरिक को मतदाता सूची में किसी गलत या अनुचित प्रविष्टि के संबंध में आपत्ति है तो वह भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी शिकायत या आपत्ति दर्ज करवा सकता है।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इन विशेष कैंपों का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य लोगों को घरों के नजदीक ही चुनाव संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके लिए सभी बीएलओ को अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर नागरिकों को आवश्यक जानकारी देने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक नए पंजीकरण, विवरणों में सुधार और मतदाता सूची से संबंधित अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि जो नागरिक 1 जनवरी 2027 को निर्धारित योग्यता के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवाने के लिए आगे आएं।

इसके साथ ही जिन लोगों ने अपना निवास स्थान बदला है या जिनके मतदाता विवरणों में किसी प्रकार की गलती है, वे भी इन कैंपों के दौरान अपने दस्तावेजों सहित संबंधित बीएलओ से संपर्क करें। सागर सेतिया ने जिले के सभी योग्य नागरिकों से अपील की कि वे 22 नवंबर और 6 दिसंबर को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांचें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकृत होना और चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करना बेहद जरूरी है। इसलिए नागरिक इन विशेष कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और मतदाता सूची को सही एवं अपडेट बनाने में चुनाव आयोग तथा जिला प्रशासन का सहयोग करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें