Special Voter Revision Drive Dates Revised : अमृतसर। जिला चुनाव अधिकारी दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत विशेष अभियान अब 22 नवंबर और 6 दिसंबर को चलाया जाएगा।
इस दौरान बीएलओ मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर नए वोट बनाने, विवरण में संशोधन और नाम कटवाने संबंधी आवेदन प्राप्त करेंगे। इस संबंध में 12 नवंबर, 2026 को प्रारंभिक फोटो मतदाता सूचियों के प्रकाशन के उपरांत जारी किए गए प्रेस नोट में विशेष अभियान के दिनों के संबंध में संशोधन किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी, अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि पहले 14 नवंबर (शनिवार), 15 नवंबर (रविवार) और 29 नवंबर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान के दिन निर्धारित किए गए थे।
अब इन दिनों में बदलाव करते हुए 22 नवंबर (रविवार) और 06 दिसंबर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान के दिन निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उक्त दोनों विशेष अभियान के दिनों के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLOs) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे तथा योग्य नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, विवरण में संशोधन करवाने और अन्य आवश्यक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची संबंधी दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर, 2026 से 11 दिसंबर, 2026 तक पहले की तरह जारी रहेगी। योग्य नागरिक अपना वोट बनवाने के लिए फॉर्म नंबर 6, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म नंबर 8 तथा वोट कटवाने के लिए फॉर्म नंबर 7 भर सकते हैं।
डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी ने सभी योग्य नागरिकों से अपील की कि वे संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 22 नवंबर और 06 दिसंबर, 2026 को अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच करें तथा आवश्यकता अनुसार अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाएं। मतदाता सूची संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

