
अमृतसर: अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक जीवनजोत कौर ने वार्ड नंबर 35 स्थित न्यू अमृतसर के 7 एकड़ पार्क में आधुनिक खेल सुविधाओं के निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में न्यू अमृतसर के इस बड़े पार्क को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्क में कई नई खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक, बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, स्केटिंग ट्रैक और क्रिकेट पिच जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इन सुविधाओं से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को भी लाभ मिलेगा और लोग स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित होंगे।
विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य शहर के हर क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि सभी इलाकों का समान रूप से विकास हो सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा करवाना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पार्क में मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की शिकायतों और मांगों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जीवनजोत कौर ने कहा कि वार्ड नंबर 35 के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। क्षेत्र के लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सभी विकास परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।