Site icon Dainik Savera Times

जालंधर में खेलों को मिल रही नई रफ्तार; मैदानों से अंतर्राष्ट्रीय हॉकी तक पहुंचा ‘फिट सैंट्रल’ का सफर

जालंधर : कभी हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल और खेल सामान उद्योग के लिए देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाला जालंधर अब एक बार फिर खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभरता दिखाई दे रहा है। शहर में एक तरफ मोहल्ला स्तर पर नए खेल मैदान और फिटनैस सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ करीब 18 साल बाद अंतर्राष्ट्रीय स्तर की बड़ी हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी की तैयारी चल रही है।

इस पूरे प्रयास में हॉकी पंजाब के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन कोहली की खेल से जुड़ी पहलों की भूमिका भी सामने आ रही है। नितिन कोहली वर्तमान में आम आदमी पार्टी के जालंधर सैंट्रल विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी हैं। हालांकि खेलों से उनका जुड़ाव उनकी राजनीतिक जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है। लंबे समय से खेल गतिविधियों से जुड़े नितिन कोहली स्थानीय स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ जालंधर की पुरानी खेल पहचान को बड़े मंच से जोड़ने पर जोर देते रहे हैं।

23 वार्डों में खेल सुविधाओं का लक्ष्य
इसी सोच के तहत शुरू की गई ‘फिट सैंट्रल’ पहल जालंधर सैंट्रल विधानसभा क्षेत्र में खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। वर्ष 2025 में इस पहल के तहत क्षेत्र के सभी 23 वार्डों में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना सामने रखी गई थी। इनमें बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया। इसके बाद 14 नए खेल परिसरों के विकास की योजना ने इस पहल को और विस्तार दिया।

अलग-अलग पार्कों और सार्वजनिक स्थानों को खेल गतिविधियों के लिए उपयोगी बनाने के साथ खुले व्यायाम स्थल, पैदल चलने के रास्ते और अन्य फिटनैस सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को घर के नजदीक ही खेलने की सुविधा उपलब्ध करवाना है। इस पहल की खासियत यह है कि खेलों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखने के बजाय उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी और बेहतर स्वास्थ्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मोहल्लों में खेल मैदान उपलब्ध होने से बच्चों और युवाओं की खेलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही महिलाओं और लड़कियों को भी सुरक्षित माहौल में खेल गतिविधियों से जुड़ने के अवसर मिल सकेंगे।

18 साल बाद जालंधर में लौटेगी अंतर्राष्ट्रीय हॉकी
जालंधर की खेल पहचान को इस वर्ष बड़ा अंतर्राष्ट्रीय मंच मिलने जा रहा है। हीरो पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब में होगा। प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि दोनों सैमीफाइनल और फाइनल मोहाली में होंगे। जालंधर में 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक शुरुआती मुकाबलों के साथ उद्घाटन समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन और जापान की टीमें हिस्सा लेंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 1 नवंबर को जालंधर में खेला जाएगा। पंजाब में करीब 18 साल बाद अंतर्राष्ट्रीय स्तर की बड़ी हॉकी प्रतियोगिता की वापसी जालंधर के लिए खास मायने रखती है। शहर लंबे समय से हॉकी की नर्सरी और खेल सामान निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में जाना जाता रहा है। ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी से इस पहचान को फिर से मजबूती मिलने की उम्मीद है।

स्टेडियम के नवीनीकरण पर 25.40 करोड़ खर्च
प्रतियोगिता को लेकर पंजाब सरकार की ओर से 25.40 करोड़ रुपए की राशि देने की प्रतिबद्धता जताई गई है। सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम के नवीनीकरण का काम भी प्रतियोगिता से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नितिन कोहली की ओर से उम्मीद जताई गई है कि इस आयोजन के सफल संचालन से पंजाब में भविष्य में भी अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता खुलेगा।

Exit mobile version