Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशे के खिलाफ जंग में खेल मैदान बनेंगे युवाओं की ताकत, मोगा के 146 गांवों में 39.80 करोड़ से हो रहा खेल मैदानों का निर्माण

November 9, 2026

नशे के खिलाफ जंग में खेल मैदान बनेंगे युवाओं की ताकत, मोगा के 146 गांवों में 39.80 करोड़ से हो रहा खेल मैदानों का निर्माण

मोगा: नशे के खिलाफ जंग केवल नशा तस्करों पर कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को खेलों, शारीरिक तंदुरुस्ती और सकारात्मक गतिविधियों की ओर लगाना भी इस मुहिम का प्रमुख उद्देश्य है। इसी सोच को धरातल पर उतारते हुए पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत जिला मोगा में ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। जिले के 146 गांवों में 39.80 करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदानों का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। इन मैदानों को जल्द ही युवाओं और गांववासियों को समर्पित किया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से किया जा रहा यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खेल मैदान तैयार होने के बाद गांवों के बच्चों और युवाओं को खेलों का अभ्यास करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। वे अपने ही गांव में बेहतर सुविधाओं के बीच अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना को केवल खेल मैदानों के निर्माण तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि वहां खिलाड़ियों और बच्चों की जरूरत के अनुसार आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके लिए 3 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से खेलों का सामान मुहैया करवाया गया है। इसमें बच्चों के लिए झूले, वॉलीबॉल पोल, फुटबॉल पोल सहित अन्य जरूरी खेल उपकरण शामिल हैं। इन सुविधाओं से गांवों के खेल मैदान बच्चों, युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने और उनमें फिटनेस के प्रति रुचि पैदा करने के उद्देश्य से जिले के 37 गांवों में जिम की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। इन जिमों की स्थापना पर कुल 3.37 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इससे ग्रामीण युवाओं को अपने गांव में ही कसरत करने और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण करने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ रोकथाम और जागरूकता के प्रयास भी जरूरी हैं। खेल मैदानों और जिमों का विकास इसी दिशा में एक सार्थक पहल है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि युवा नशे की बुराई से दूर रहकर खेलों, फिटनेस और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें तथा अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल अपने बेहतर भविष्य के निर्माण में करें।

जिला प्रशासन का मानना है कि गांवों में खेल सुविधाओं का विस्तार होने से न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि ग्रामीण स्तर पर खेल संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें