खन्ना : जिले में अपराध पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी गजटेड अधिकारियों (जीओ) और थाना प्रभारियों (एसएचओ) ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान जिले में अपराध की मौजूदा स्थिति, दर्ज मामलों, चल रही जांच और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसएसपी ने अधिकारियों से विभिन्न मामलों की जांच की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित जांच को निर्धारित समय में पूरा करने और जांच की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। अपराध की रोकथाम और नियंत्रण के लिए बैठक में विशेष एक्शन प्लान पर भी चर्चा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को फील्ड पुलिसिंग मजबूत करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में पुलिस की जमीनी मौजूदगी बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका समयबद्ध तरीके से निपटारा करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ अपराध की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए थाना स्तर पर नियमित निगरानी और पुलिस टीमों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के अंत में अधिकारियों को जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से ड्यूटी निभाने तथा फील्ड में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

