‘हमारे राम’ नाटक का मंचन; आशुतोष राणा ने दी प्रस्तुति
August 10, 2026
Staging of the play ‘Hamare Ram’ : बठिंडा। भगवान श्रीराम के आदर्शों और सनातन मूल्यों को समर्पित प्रसिद्ध नाटक ‘हमारे राम’ का मंचन किया। बलवंत गार्गी ऑडिटोरियम में आयोजित दो शो में बड़ी संख्या में दर्शकों ने हिस्सा लिया। पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया समेत कई गणमान्य लोगों ने कलाकारों की शानदार प्रस्तुति देखी।
अनुभवी अभिनेता आशुतोष राणा और राहुल आर. भुचर सहित 150 कलाकारों ने मंच पर श्रीराम के जीवन, आदर्शों और उनके शाश्वत संदेश को जीवंत कर दर्शकों को सत्य, न्याय, करुणा और एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद भगवान श्री राम जी की शाश्वत शिक्षाओं को लोगों तक पहुँचाना, सनातन धर्म के मूल्यों को मजबूत करना और थिएटर के सशक्त माध्यम से सच्चाई, न्याय, करुणा और एकता का संदेश फैलाना है। इस पहल के जरिए राज्य सरकार पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देना चाहती है। उन्होंने आगे बताया कि राज्य-स्तरीय सांस्कृतिक पहल के तहत, पंजाब सरकार अगस्त और सितंबर के दौरान 12 शहरों में 41 मुफ्त शो आयोजित करेगी।
इसका पहला शो मोहाली में हुआ, जबकि मोहाली, जालंधर, फिरोजपुर, होशियारपुर, अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर और खन्ना जैसे 12 शहरों में भी शो आयोजित किए जाएंगे। मनीष सिसोदिया ने कहा कि शो मुफ्त रखे गए हैं ताकि समाज के सभी वर्गों के लोग भगवान श्री राम जी के जीवन और आदर्शों से परिचित हो सकें और उनसे प्रेरणा ले सकें। कार्यक्रम के मकसद पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक विरासत को बढ़ावा देकर युवा पीढ़ी को प्रेरित करना और विश्व-स्तरीय थिएटर कला की उत्कृष्टता को प्रदर्शित करना है। उन्होंने कहा, “सरकार हर संभव कोशिश कर रही है कि ऐसे कार्यक्रमों के ज़रिए सनातन धर्म की शिक्षाएं लोगों तक पहुंचें और युवा पीढ़ी इन शाश्वत मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित हो।”
इस मौके पर रामपुरा फूल के विधायक बलकार सिंह सिद्धू, भुच्चो मंडी के विधायक मास्टर जगसीर सिंह, नगर निगम के मेयर पदमजीत सिंह मेहता, शुगरफेड के चेयरमैन और बठिंडा लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी नवदीप सिंह जीदा, चेयरमैन इंदरजीत सिंह मान, वन विभाग के चेयरमैन राकेश पुरी, बठिंडा ग्रामीण के प्रभारी गोपाल सिंह, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन जतिंदर भल्ला, मध्यम और लघु उद्योग विकास बोर्ड के चेयरमैन नील गर्ग, बठिंडा मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलजीत बल्ली, बठिंडा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन अमनदीप सिंह राजन, जिला योजना समिति के चेयरमैन हरदीप सिंह सरां और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।