Site icon Dainik Savera Times

लुधियाना में स्टेट GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, टैक्स चोरी के मामले में दो कारोबारी गिरफ्तार

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना शहर में स्टेट जीएसटी विभाग ने टैक्स चोरी के एक बड़े मामले में दो व्यापारियों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, बीती रात जीएसटी विभाग की टीमों ने भामियां रोड और सिविल लाइंस इलाके में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कई दस्तावेज जब्त किए और मोबाइल डेटा को भी खंगाला जा रहा है। प्राथमिक जांच के बाद दोनों कारोबारियों — दीपांशु आनंद (भामियां एन्क्लेव निवासी) और दीपक गोयल (सिविल लाइंस निवासी) को हिरासत में लेकर सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया गया।

-गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, विभाग को खुफिया सूचना मिली थी कि दोनों कारोबारी अपने-अपने घरों में मौजूद हैं। तुरंत कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने दबिश दी और उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल जीएसटी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन प्रारंभिक संकेत टैक्स चोरी के आरोपों की ओर इशारा कर रहे हैं।

-हालिया टैक्स घोटाले से जुड़ सकते हैं तार

यह छापेमारी उस समय हुई है जब पंजाब में हाल ही में 866 करोड़ रुपये के फर्जी कंपनियों के माध्यम से किए गए टैक्स घोटाले का भंडाफोड़ हुआ है। उस मामले में 157 करोड़ रुपए की जीएसटी चोरी केवल टैक्सी सेवाओं के नाम पर की गई थी।

इन फर्जी कंपनियों को चालाकी से गरीब और बेरोजगार लोगों के नाम पर खड़ा किया गया था, जिनसे मामूली रकम देकर पैन और आधार कार्ड लिए गए। फिर उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कंपनियों का पंजीकरण कर करोड़ों का टैक्स चुराया गया।

-वित्त मंत्री ने जताई थी सख्त कार्रवाई की प्रतिबद्धता

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने हाल ही में प्रेस वार्ता में बताया था कि सरकार टैक्स चोरी के मामलों को लेकर बेहद गंभीर है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया था कि अब तक की जांच में नकदी, फर्जी दस्तावेज, बिना हस्ताक्षर की चेकबुक समेत कई अहम सबूत मिले हैं। लुधियाना में हालिया गिरफ्तारियां इसी बड़ी कार्रवाई का हिस्सा मानी जा रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में और भी बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

Exit mobile version