Site icon Dainik Savera Times

फिरोजपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न, CM भगवंत मान ने फहराया तिरंगा

CM Bhagwant Mann

CM Bhagwant Mann

फिरोजपुर: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फिरोजपुर के कैंटोनमेंट बोर्ड स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले सीएम मान अपनी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ हुसैनीवाला स्थित शहीद स्मारक पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री 25 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी बहादुरी व सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित करेंगे।

पंजाब के अलग-अलग जिलों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह हुए। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने लुधियाना, राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़, खाद्य आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक ने पठानकोट और मंत्री महेंद्र भगत ने जालंधर में तिरंगा फहराया।

हुसैनीवाला में शहीदों को देंगे श्रद्धांजलि

मुख्य समारोह में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान हुसैनीवाला राष्ट्रीय शहीद स्मारक पहुंचेंगे। यहां वह देश की आजादी के लिए अपना बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह कैंटोनमेंट बोर्ड स्टेडियम पहुंचकर राज्यस्तरीय समारोह में शामिल होंगे।

परेड का निरीक्षण कर लेंगे मार्चपास्ट की सलामी

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्चपास्ट की सलामी लेंगे। कार्यक्रम में पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से अपनी उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किए जाने की भी संभावना है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के दौरे और राज्यस्तरीय समारोह को देखते हुए फिरोजपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई है। कई स्थानों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है। समारोह स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा एजेंसियां विशेष निगरानी रखेंगी। कार्यक्रम में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी विशेष प्रबंध

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी और जरूरत के अनुसार यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Exit mobile version