Site icon Dainik Savera Times

संतुलन बिगड़ने से घुमा स्टीयरिंग व्हील; बेकाबू ऑडी कार ने कई लोगों को कुचला

लुधियाना: लुधियाना के भामिया रोड पर जीके एस्टेट के बाहर रविवार सुबह ऑडी कार ने छह लोगों को कुचल दिया। हादसे में ऑडी चालक एक रेहड़ी वाले को 70 से 80 फीट तक घसीटता हुआ ले गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि ऑडी कार का चालक नशे की हालत में था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ने से स्टीयरिंग व्हील अचानक घूम गया, जिससे कई लोग वाहन की चपेट में आ गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कार चला रहे युवक को घेर लिया। वह नशे की हालत में था।

वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लोगों ने बताया कि घटना के करीब 1 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक व्यक्ति ने ऑडी कार के चालक को स्विफ्ट कार में डाल लिया और फरार हो गया।

एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक तेज रफ्तार ऑडी कार चालक ने कई लोगों को कुचल दिया है। पता चला है कि यह कार चंडीगढ़ की है। लोगों ने बताया कि कार ने एक रेहड़ी वाले और बुलेट बाइक सवार को टक्कर मार दी।

अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हादसे में किसी की मौत हुई है या नहीं। मैं अस्पताल जाकर घायलों के बारे में जानकारी लूंगा। कार का ड्राइवर फरार है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है। पुलिस कार की तलाशी ले रही है। कुछ दस्तावेज और सामान बरामद हुए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें- Kerala Elections 2026: BJP ने 39 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की, जानें किसे कहां से मिला टिकट?

Exit mobile version