10 महीने बाद भी परिवार को न्याय और वादों का इंतजार
September 8, 2026
Share:
Still awaiting justice after 10 months : जालंधर। वेस्ट की पारस कॉलोनी में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और मौत के मामले में 10 महीने बाद भी पीड़ित परिवार न्याय और सरकार के वादों के पूरा होने का इंतजार कर रहा है। पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने पंजाब सरकार पर वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने पीड़िता की मां हरप्रीत कौर के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। अंगुराल ने कहा कि घटना के बाद मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने परिवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, आरोपी को जल्द सजा दिलाने और पीड़िता की मां को सरकारी नौकरी देने का भरोसा दिया था। उनका आरोप है कि 10 महीने बाद भी इनमें से कोई वादा पूरा नहीं हुआ।उन्होंने कहा कि बच्ची की बरसी के दौरान परिवार ने गुरुद्वारा साहिब में प्रशासनिक अधिकारियों और सरकार के प्रतिनिधियों का इंतजार किया, लेकिन कोई भी उनके दुख में शामिल होने नहीं पहुंचा। अंगुराल ने आरोप लगाया कि मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें दूसरी जगह तैनात कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बच्ची के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और मां अकेले परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थी। बच्ची की मौत के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से टूट चुका है। अब परिवार को केवल अदालत से न्याय की उम्मीद है। अंगुराल ने मीडिया से परिवार की आवाज उठाने की अपील की।