
Stopping the car and assaulting with weapons : मोगा। थाना मेहना पुलिस ने कार रोककर तेजधार हथियारों से मारपीट करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बिना नंबर की कार सवार आरोपियों ने उसकी कार को रोककर उस पर कृपाण और डांग से हमला किया। पुलिस ने बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सहायक थानेदार बलविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता चरणप्रीत सिंह निवासी जगरांवा, जिला लुधियाना ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 20 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे अपने दोस्त प्रदीप सिंह के साथ कार में सवार होकर जगरांवा जा रहा था। वह गांव चुगावां में जमीन खरीदने के संबंध में आया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह अपनी कार से बस अड्डा मेहना से कुछ आगे पहुंचा तो पीछे से एक बिना नंबर की कार आई और उसकी कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उसे रोक लिया।
आरोप है कि कार से उसके साले सवजोत सिंह उर्फ कप्तान,पुत्र गुरविंदर सिंह तथा एक अज्ञात व्यक्ति बाहर निकले। शिकायतकर्ता के अनुसार, स्वजोत सिंह के हाथ में कृपाण और गुरविंदर सिंह के हाथ में डांग थी। आरोपियों ने आपस में मिलकर तेजधार हथियारों से उसके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके भाई हरमन सिंह और दोस्त प्रदीप सिंह ने उसे सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद सवजोत सिंह, गुरविंदर सिंह, हरप्रीत कौर तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।