चंडीगढ़: पंजाब विजीलैंस ब्यूरो (वीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी मुहिम के दौरान पुलिस स्टेशन अमीर खास, जि़ला फाजिल्का में तैनात सब-इंस्पेक्टर (एसआई) रविपाल को 8,000 रुपए की रिश्वत माँगने और स्वीकार करने के आरोप में गिरफ़्तार किया है।
राज्य ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरफ्तारी फिरोजपुर जिले के गुरुहर सहाय के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई है।
उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता ने विजीलैंस ब्यूरो को शिकायत दी थी कि आरोपी एसआई ने शिकायतकर्ता के विरुद्ध दर्ज पुलिस केस से सम्बन्धित हाईकोर्ट में रिट पटीशन का जवाब तैयार करने और पेश करने तथा जिला अदालत में चार्जशीट पेश करने के लिए 10,000 रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस शिकायत की पुष्टि के बाद विजीलैंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी पुलिस अधिकारी को दो सरकारी गवाहों की हाजिऱी में शिकायतकर्ता से 8000 रुपए की रिश्वत लेते समय काबू कर लिया गया।
इस सम्बन्ध में उक्त आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के अन्तर्गत विजीलैंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन, फिरोजपुर रेंज में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को कल सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा तथा इस मामले में आगे की जांच जारी है।

