Site icon Dainik Savera Times

विकास कार्यों के दम पर 2027 का चुनाव लड़ेगी AAP : सुखानंद

Sukh Anand Banks on Development for 2027 Polls : मोगा। बाघापुराना से AAP विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद ने 2027 विधानसभा चुनाव में दोबारा जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, सीवरेज और ट्रैफिक सुधार के कार्यों को सरकार की उपलब्धि बताते हुए नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा किया।

 

इसी बीच आम आदमी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी गई है। पार्टी ने बाघापुराना विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद को दोबारा चुनाव मैदान में उतारकर उन पर भरोसा जताया है। टिकट मिलने के बाद विधायक सुखानंद भी चुनावी तैयारियों में सक्रिय हो गए हैं और लगातार लोगों के बीच पहुंचकर सरकार की नीतियों तथा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसी संबंध में ‘दैनिक सवेरा’ की ओर से विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद के साथ विशेष बातचीत की गई।

इस दौरान उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2022 में जिस तरह बाघापुराना की जनता ने उन्हें भारी समर्थन देकर विधानसभा में भेजा था, उसी तरह वर्ष 2027 में भी लोग उन्हें दोबारा सेवा करने का अवसर देंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करवाना और लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी आगामी चुनाव में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर जनता के बीच जाएगी। विधायक सुखानंद ने कहा कि पंजाब सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल ऑफ एमिनेंस, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता योजनाएं, किसानों को नहरी पानी की सुविधा, बेहतर सड़कों का निर्माण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उनका कहना था कि सरकार का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और पंजाब को विकास की राह पर आगे बढ़ाना है। सीवरेज और ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए करवाए जा रहे कार्य बाघापुराना शहर की समस्याओं के बारे में विधायक ने कहा कि शहर के मुख्य बाजार में सड़क और ट्रैफिक की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी।

इसके अलावा सीवरेज और बरसाती पानी की निकासी की समस्या के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करवाया गया है। शहर की मुख्य सड़क का निर्माण कार्य भी जारी है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में दो नए हाईवे बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुल का निर्माण पूरा होने पर यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही सरकार नशे के मुद्दे पर बातचीत करते हुए विधायक सुखानंद ने पिछली सरकारों को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा की सरकारों के कार्यकाल में पंजाब को नशे की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा। मौजूदा सरकार नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है। नशा तस्करों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। इसके अलावा नशे के कारोबार से बनाई गई अवैध संपत्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाकर एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।

Exit mobile version