Site icon Dainik Savera Times

सुखबीर बादल ने अबोहर में कपड़ा व्यापारी की हत्या पर जताया दुख, बोले- इस समय पंजाब में जंगल राज, कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं

Abohar: शिरोमणि अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल ने दिनों-दिन बिगड़ रही कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि अबोहर में एक बहुत बड़े कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा का कत्ल हुआ है, जो दर्शाता है कि इस समय पंजाब में जंगल राज है और राज्य में कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में डाक्टरों, कलाकारों, खिलाड़ियों तथा कारोबार करने वाले लोगों को बदमाशों से लगातार जबरी वसूली की धमकियां मिल रही हैं और उनकी रक्षा करने में सरकार फेल हो चुकी है। सुखबीर बादल ने वर्मा के कत्ल की सख्त शब्दों में निंदा की है और उन्होंने वर्मा के परिवार के साथ सहानुभूति प्रकट की है।

अबोहर में शोरूम के संचालक की गोली मारकर हत्या
अबोहर शहर के भगत सिंह चौक पर स्थित न्यू वियर वैल शोरूम के संचालक संजय वर्मा की सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शोरूम के बाहर ही हुई।

वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार
संजय वर्मा को उस समय गोली मारी गई जब वह कार से उतर रहे थे। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। संजय वर्मा को सरकारी अस्पताल में लाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद एसएसपी गुरमीत सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। संजय वर्मा प्रसिद्ध व्यापारी व डिजाइनर जगत वर्मा के छोटे भाई थे। संजय वर्मा की हत्या की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी अस्पताल पहुंच गए और शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। हत्यारे कौन थे और हत्या क्यों की गई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वारदात के बाद डीआईजी हरवीर सिंह भी जांच करने पहुंचे।

बिश्नोई गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी
डीआईजी हरवीर सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर बिश्नोई नाम की आईडी पर इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। इसकी भी पुलिस जांच कर रही है। यह भी देख रहे हैं कि कहीं पुलिस की जांच को भटकाने के लिए इस प्रकार की पोस्ट तो नहीं डाली गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। इस मौके पर फाजिल्का के एसएसपी गुरमीत सिंह भी मौजूद थे।

Exit mobile version