Site icon Dainik Savera Times

सुखबीर बादल ने किया डॉ. दलजीत सिंह गुरु के चुनाव दफ्तर का उद्घाटन

रामा मंडी : शिरोमणि अकाली दल के प्रधान एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने भुच्चो मंडी के हलका इंचार्ज डॉ. दलजीत सिंह गुरु के चुनाव दफ्तर का उद्घाटन किया। अनाज मंडी स्थित पंचायती धर्मशाला वाले प्लॉट में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान सुखबीर सिंह बादल ने डॉ. दलजीत सिंह गुरु की प्रशंसा करते हुए कहा कि भुच्चो हलके की खुशकिस्मती है कि यहां उन्हें डॉ. दलजीत सिंह गुरु जैसा नेक और अच्छा इंसान मिला है।

उन्होंने हलका निवासियों से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में डॉ. दलजीत सिंह गुरु को अधिक से अधिक वोटों से विजयी बनाएं। सुखबीर बादल ने कहा कि भुच्चो हलके के साथ उनका पुराना और भावनात्मक रिश्ता है। यह उनका ननिहाल हलका है और वह बचपन से ही यहां आते रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके ननिहाल हलके से अकाली दल को पूरे पंजाब में सबसे अधिक बढ़त मिलनी चाहिए।

इस दौरान आढ़ती एसोसिएशन, पैस्टिसाइड एसोसिएशन, शैलर एसोसिएशन, मार्बल मार्केट एसोसिएशन, ईंट-भट्ठा एसोसिएशन, करियाना एसोसिएशन, कैमिस्ट यूनियन, मैडिकल प्रैक्टिशनर एसोसिएशन, स्वर्णकार संघ, ट्रक यूनियन और मोबाइल विक्रेता एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुखबीर सिंह बादल के समक्ष अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।

व्यापारियों को संबोधित करते हुए सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन की सरकार बनने पर व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने पार्टी की भावी रणनीति और सरकार बनने पर व्यापारिक वर्ग के हित में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी भी दी।

इस मौके पर वरिष्ठ अकाली नेता जगसीर सिंह कल्याण, भाजपा के जिला प्रधान सरूप सिंगला, वरिष्ठ अकाली नेता मोहित गुप्ता, बलकार सिंह बराड़, नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान राकेश कुमार गर्ग, कौंसलर नरदीप गर्ग, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सुनील गर्ग, नगर काऊंसल की सीनियर वाइस प्रधान अंजलि गर्ग, कौंसलर बंटी कुमार, सोनी, परमजीत पम्मा, भाजपा मंडल प्रधान विशाल महेश्वरी, जिला उपप्रधान राजीव टीनू, संदीप महेश्वरी, मान सिंह गुरु सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि और अकाली-भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Exit mobile version