Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में बदलाव के लिए लोग अकाली दल की ओर देख रहे हैं : सुखबीर बादल

 
Sukhbir Badal Reviews Preparations for December 8 Rally : मोगा। शिरोमणि अकाली दल की ओर से आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर 8 दिसंबर को मोगा की नई दाना मंडी में आयोजित की जाने वाली प्रदेश स्तरीय रैली की तैयारियां तेज हो गई हैं।

इसी सिलसिले में आज पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने नई दाना मंडी पहुंचकर रैली स्थल का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, हलका इंचार्ज और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली स्थल का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि 8 दिसंबर को मोगा में होने वाली प्रदेश स्तरीय रैली आगामी विधानसभा चुनावों में शिरोमणि अकाली दल की जीत और पार्टी की सरकार बनने का आधार तैयार करेगी।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल से निराश हैं और अब बदलाव के लिए शिरोमणि अकाली दल की सरकार लाने का मन बना चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी को बदलाव की उम्मीद के साथ सत्ता सौंपने वाले लोग अब अपने फैसले पर पछता रहे हैं। बादल ने कहा कि पंजाब की सरकार मुख्यमंत्री भगवंत मान नहीं, बल्कि दिल्ली से अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया चला रहे हैं। मुख्यमंत्री को केवल कठपुतली बनाकर रखा गया है। सुखबीर बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने पर सबसे पहले पंजाब से नशे का खात्मा किया जाएगा।

प्रदेश में अमन-शांति बहाल करने, गैंगस्टरों पर नकेल कसने और पंजाब को दोबारा विकास की राह पर आगे बढ़ाने को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पंजाब की जो स्थिति बनी है, उसे सुधारा जाएगा। इस मौके पर उन्होंने हलका मोगा के इंचार्ज संजीत सिंह सन्नी गिल, जत्थेदार तीरथ सिंह माहला, खणमुख भारती पत्तो, बरजिंदर सिंह माखन बराड़, राजविंदर सिंह धर्मकोट, सुखजीत सिंह माहला, सुखचैन सिंह रामूवालिया सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को रैली की तैयारियां तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह रैली लोगों की भारी भागीदारी के लिहाज से ऐतिहासिक साबित होगी। नेताओं ने भी संयुक्त रूप से विश्वास जताया कि 8 दिसंबर की रैली ऐतिहासिक होगी।
जल्द ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई जाएंगी। इस अवसर पर परमबंस सिंह बंटी रोमाणा, निहाल सिंह तलवंडी भंगेरियां, जोरा सिंह रत्तियां, जसप्रीत सिंह माहला, गोवर्धन पोपली, दीपइंदरपाल सिंह संधू सहित बड़ी संख्या में अकाली नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Exit mobile version