Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरप्लस या आर्थिक संकट की निशानी.., रंधावा ने केंद्र की वित्तीय स्थिति पर उठाए सवाल

May 23, 2026

सरप्लस या आर्थिक संकट की निशानी.., रंधावा ने केंद्र की वित्तीय स्थिति पर उठाए सवाल

चंडीगढ़: सीनियर कांग्रेसी नेता और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से केंद्र सरकार को 2.87 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड सरप्लस ट्रांसफर पर सवाल उठाए हैं।

रंधावा ने कहा कि अगर देश की अर्थव्यवस्था वास्तव में मजबूत है, तो सरकार की आरबीआई के सरप्लस पर बढ़ती निर्भरता चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा डिविडेंड ट्रांसफर है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार टैक्स वसूली और आर्थिक प्रबंधन को मजबूत करने की बजाय आरबीआई के अधिशेष और बढ़ते कर्ज के सहारे वित्तीय दबाव संभाल रही है।

रंधावा ने पूछा कि रिकॉर्ड सरप्लस मिलने के बावजूद आम लोगों को महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से राहत क्यों नहीं मिल रही। कांग्रेस सांसद ने कहा कि आरबीआई का सरप्लस ट्रांसफर उसकी आय, विदेशी मुद्रा भंडार, बॉन्ड निवेश और मुद्रा प्रबंधन से होने वाले मुनाफे पर आधारित होता है। आरबीआई पहले अपने लिए एक सुरक्षित रिजर्व रखता है और बाकी रकम केंद्र सरकार को देता है।

रंधावा ने आशंका जताई कि लगातार इतने बड़े स्तर पर सरप्लस ट्रांसफर से आरबीआई के भविष्य के वित्तीय सुरक्षा बफर पर असर पड़ सकता है। उन्होंने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में भी वित्तीय दबाव से निपटने के लिए लगातार कर्ज लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकारें आर्थिक सुधारों की बजाय उधारी और अस्थायी संसाधनों पर ज्यादा निर्भर होती जा रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें